Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत: साथी गंभीर घायल, चालक गाड़ी लेकर फरार

रोहतक। रोहतक में बुधवार तड़के सड़क हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब साढ़े 3 बजे शांतमई चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।

मृतक की पहचान गांव अजायब निवासी साहिल (24) के रूप में हुई है। उसका साथी अनिल (22) घायल हुआ है, जिसका PGI में इलाज चल रहा है।

रात को होटल में रुके थे दोनों युवक

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को काम खत्म करने में देर हो गई थी। इसके चलते साहिल अपने साथी अनिल के साथ भिवानी चुंगी के पास एक होटल में रुक गया था।

बुधवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे दोनों बाइक से भिवानी चुंगी होते हुए पावर हाउस चौक की तरफ जा रहे थे। जब वे शांतमई चौक के पास पहुंचे तो एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

साहिल की मौके पर ही मौत, साथी घायल

टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क पर गिर गए। हादसे में साहिल को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई, जबकि अनिल घायल हो गया। पिकअप चालक दोनों को सड़क पर छोड़कर गाड़ी सहित फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार में पसरा मातम

साहिल के परिवार के अनुसार, वह मकान शिफ्टिंग का काम करता था। अचानक हुए हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घायल अनिल का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक परमजीत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और घायल की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version