
गुरुग्राम: गुरुग्राम के सिधरावली गांव में सोमवार सुबह बदमाशों ने 35 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू की गोलियां मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे (NH-48) की सर्विस लेन पर गांव के बस अड्डे के पास उसकी स्विफ्ट कार को दूसरी गाड़ी से ओवरटेक कर रुकवाया और ड्राइविंग सीट पर बैठे दीपक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसे 10 से 15 गोलियां लगी हैं।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने कार में लहूलुहान हालत में दीपक का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। दीपक का नाम गैंगस्टर अशोक राठी गैंग से जुड़ा रहा था। उस पर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का भी आरोप था। पुलिस इस वारदात की जांच गैंगवार और पुरानी रंजिश के एंगल से कर रही है।
सीट बेल्ट लगाए ड्राइविंग सीट पर मिला शव
सोमवार सुबह सिधरावली गांव के बस अड्डे के पास फुट ओवरब्रिज के नजदीक मारुति स्विफ्ट कार खड़ी मिली। दीपक कार की ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में था और उसने सीट बेल्ट लगा रखी थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने दूसरी गाड़ी से ओवरटेक कर उसकी कार रोकी और उसे संभलने का मौका दिए बिना फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से कार के शीशे टूट गए और एक टायर भी फट गया। गाड़ी पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। फिलहाल किसी प्रत्यक्षदर्शी के सामने फायरिंग होने की जानकारी नहीं है।
SHO बोले- 15 से 20 राउंड फायरिंग की आशंका
बिलासपुर थाना प्रभारी सुनील के अनुसार, दीपक रात करीब 12 बजे घर से निकला था। आशंका है कि किसी ने उसे फोन करके बुलाया होगा। गांव से निकलकर जैसे ही वह NH-48 की सर्विस लेन पर पहुंचा, वहां मौजूद बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।
SHO के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से 10 से 15 गोलियां दीपक को लगने की आशंका है। हालांकि, उसे कुल कितनी गोलियां लगीं, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।
अशोक राठी गैंग से जुड़ा था दीपक
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दीपक कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था। करीब छह साल पहले अशोक राठी की हत्या के बाद भी दीपक का नाम इस गैंग से जुड़ा रहा। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले भी दो से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का भी था आरोपी
दीपक पर गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या का आरोप भी था। 2 सितंबर 2016 को गुरुग्राम के अलीपुर गांव में सुषमा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दीपक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि अशोक राठी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और उसने हत्या की सुपारी दी थी। आरोप के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने के लिए दीपक और ललित कटारिया को तैयार किया गया था।
योजना के तहत सुषमा की उस समय गोली मारकर हत्या की गई, जब वह सुबह अपनी बेटी को स्कूटी पर स्कूल बस में छोड़ने के लिए सोहना रोड पर पहुंची थी। वारदात में इस्तेमाल सेंट्रो कार फरीदाबाद से चोरी की गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने कार को पलवल के धतीर गांव के पास जला दिया था।
2019 में घर में घुसकर हुई थी अशोक राठी की हत्या
गैंगस्टर अशोक राठी गुरुग्राम के अलीपुर गांव का रहने वाला था। भोंडसी, अलीपुर, बसई और आसपास के गांवों में उसका प्रभाव बताया जाता था। उसके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
16 नवंबर 2019 को अलीपुर गांव में उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, इस हत्या के पीछे जमीन विवाद और आपराधिक वर्चस्व की रंजिश थी।
गैंगवार के एंगल से जांच कर रही पुलिस
दीपक की हत्या के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, गैंग से जुड़े संबंधों और हालिया गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

