Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कांवड़ लेकर लौट रहे सोनीपत के युवक की मौत:शामली में गाड़ी ने मारी टक्कर, साथी गंभीर; दोस्तों संग गया था हरिद्वार

सोनीपत के एक युवक की हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौटने के दौरान एक्सीडेंट में मौत हो गई। सोनीपत के गन्नौर के रहने वाले 16 दोस्त डाक कांवड़ लेकर आ रहे थे और जब शामली के बनत गांव के पास पहुंचे तो मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में कांवड़िए की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक कांवड़ियों की टोली हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस गन्नौर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने दो कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को शामली सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक कांवड़िये को मृत घोषित कर दिया। हादसे में साथी कांवड़िये का उपचार चल रहा है।

हादसे में जान गंवाने वाले कांवड़िए की पहचान कुणाल मलिक पुत्र विनोद निवासी गन्नौर, सोनीपत के रूप में हुई है। हादसे में उसका साथी अक्षय पुत्र विजेंद्र घायल हुआ है। पुलिस ने कुणाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार कुणाल मलिक अपने करीब 15 अन्य साथियों के साथ 7 अगस्त को गन्नौर से हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ था। डाक कांवड़ टोली में कुल करीब 16 कांवड़िए शामिल थे। हरिद्वार पहुंचने के बाद सभी कांवड़िए गंगाजल लेकर वापस अपने गांव की ओर लौट रहे थे।

मंगलवार सुबह करीब सात बजे कांवड़ियों की टोली शामली क्षेत्र के बनत गांव के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुणाल और अक्षय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कांवड़िए सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय टोली के अन्य कांवड़िये उनसे आगे निकल चुके थे।

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल कांवड़ियों को तत्काल शामली सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कुणाल मलिक की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अक्षय का उपचार शुरू किया गया। उसकी हालत को लेकर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।

हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है। वहीं, कांवड़िए की मौत की सूचना मिलने के बाद गन्नौर स्थित उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Exit mobile version