Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में छत से गिरा युवक, हालत गंभीर: मानसिक तनाव और शराब की लत से था परेशान, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

रोहतक की न्यू चिन्योट कॉलोनी में सोमवार देर रात एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में छत से नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने उसे तुरंत उठाकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसे शराब पीने की लत भी थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी जांच में जुट गई है।

घायल युवक की पहचान करीब 30 वर्षीय दीपक उर्फ विक्की, पुत्र बालूराम, निवासी न्यू चिन्योट कॉलोनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दीपक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसे शराब पीने की लत लग गई थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मानसिक तनाव के चलते दीपक ने घर की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शी युवक ने बताया कि वह बाइक से जा रहा था। उसने देखा कि एक युवक छत से कूद गया, जो सड़क पर पड़ा हुआ था और खून निकल रहा था। उसे देखकर आसपास के लोग इधर उधर भागने लगे। युवक के कूदने के बाद परिजन बाहर निकले और राहगीरों की मदद से युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीजीआई थाना पुलिस ने बताया कि युवक के छत से कूदने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के परिजनों से बात की। युवक की हालत अभी गंभीर है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

Exit mobile version