Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अरूणाई से दर्शन कर लौट रहे युवक की मौत:पेहवा में ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़ी बाइक, दूसरे की हालत गंभीर; परिवार का इकलौता बेटा

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पेहवा में अरणा गांव के पास सोमवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों अरुणाई स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन कर बाइक से सग्गा गांव लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, लक्ष्मण के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों के अनुसार लक्ष्मण रात को अरुणाई में दर्शन करने के लिए गया था। सोमवार सुबह वह वहां से बाइक पर घर लौट रहा था। सुबह करीब साढ़े 8 बजे अरणा गांव के पास उसकी बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हुए दूसरे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

मृतक लक्ष्मण सग्गा गांव का रहने वाला था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसके ताऊ ने बताया कि वर्ष 2010 में लक्ष्मण के पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद से लक्ष्मण अपनी मां के साथ नाना-नानी के पास रह रहा था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया था। मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version