भिवानी में बीती रात एक व्यक्ति का अपनी पत्नी के साथ झग़डे के बाद संदिग्ध परिस्थतियों में मौत होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रात को पत्नी के साथ उसका झगड़ा हुआ था। अल सुबह पत्नी जागी तो वह कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस और परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इस बीच मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी ने उसकी हत्या की है। पुलिस छानबीन में लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव मानहेरू निवासी गौरव (32) काफी समय से पत्नी और बच्चों के साथ भिवानी शहर के कोंट रोड पर रह रहा था। शादी के बाद उनके दो बेटे हैं। बताया जा रहा हैं कि किसी बात को लेकर उसका रात को अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह कमरे के अंदर और उसकी पत्नी बाहर बरामदे में सो गई। अल सुबह ढ़ाई तीन बजे के लगभग उसकी पत्नी कमरे में गई तो गौरव फंदे पर लटका मिला। उसके शरीर में किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं थी।
गौरव के फंदा लगाने की सूचना रात को ही गांव मानहेरू में उसके परिजनों को दी गई। भाई राजेश अपने परिजनों व पुलिस बाद में मौके पर पहुंचे और शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बीच उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि गौरव की मौत साधारण नहीं है बल्कि पत्नी ने उसकी हत्या की है। परिजन पत्नी के खिलाफ कार्रवाई के लिए अड़े हुए हैं। इसको लेकर मृतक के भाई राजेश ने पुलिस को पत्नी के खिलाफ शिकायत दी है।
मृतक के भाई राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गौरव की हत्या की गई है। उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। दूसरी तरफ मृतक की पत्नी का दावा है कि गौरव ने फंदा लगाकर सुसाइड किया है। फिलहाल पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।

