Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

थाने के लॉकअप में युवक की मौत: पत्नी की शिकायत पर लाई थी पुलिस, CJM की मौजूदगी में निकलेगा शव

Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style

हरियाणा के हिसार जिले में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मंगलवार रात पत्नी से मारपीट की शिकायत के बाद 30 वर्षीय सुनील को पकड़कर थाने लाई थी। बुधवार सुबह वह लॉकअप में मृत मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब एक घंटे तक लॉकअप के अंदर और बाहर से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल शव को लॉकअप में ही रखा गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के मौके पर पहुंचने के बाद ही शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा जाएगा।

मृतक की पहचान हिसार की मच्छी मार्केट में चिकन कॉर्नर चलाने वाले सुनील (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका अपनी पत्नी संध्या के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को संध्या ने पुलिस को सूचना दी थी कि सुनील उसके साथ मारपीट कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची थी।

पत्नी बोली- पहले भी मारने की कर चुका था कोशिश

मृतक की पत्नी संध्या का आरोप है कि सुनील रोज उसके साथ मारपीट करता था। उसने दावा किया कि एक बार सुनील ने उसे छत से धक्का देकर जान से मारने की भी कोशिश की थी। इस संबंध में वह पहले भी पुलिस को शिकायत दे चुकी थी, लेकिन हर बार पुलिस उसे पकड़कर छोड़ देती थी।

लॉकअप में दो और हवालाती थे मौजूद

पुलिस के अनुसार, जिस बैरक में सुनील को रखा गया था, उसमें दो अन्य हवालाती भी मौजूद थे। दोनों ने पुलिस को बताया कि रात में सुनील बाथरूम जाने के लिए उठा था। इसके बाद वह वापस आकर सो गया। सुबह जब उसे जगाने की कोशिश की गई तो वह नहीं उठा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी बोले- मामले की जांच जारी

अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि मंगलवार रात मेडिकल जांच कराने के बाद सुनील को लॉकअप में रखा गया था। बुधवार सुबह वह मृत मिला। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Exit mobile version