करनाल में आज नगला मेगा-अमृतपुर रोड पर एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला है। पेड़ के नीचे ही युवक का मोबाइल और जूते मिले हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उसे पहले नीचे ही मारा गया, उसके बाद पेड़ पर लटका दिया गया। उनका कहना है कि उनका बेटा पेड़ पर चढ़ नहीं सकता था, क्योंकि उसके पैर में लोहे की रॉड पड़ी है।
मृतक की पहचान केहर सिंह के बेटे मनीष (23) के रूप में हुई है। वह मोहदीनपुर गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि कल उसका जन्मदिन था और 27 को उसकी बहन की शादी भी है। पुलिस ने उसके शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलौरा चौकी प्रभारी रोहतास ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े 8 बजे उन्हें युवक का शव पेड़ पर लटके होने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचे तो युवक ने पेड़ पर फंदा लगाया हुआ था। युवक के जूते पेड़ के नीचे निकले हुए पाए गए हैं। जिस तरीके से जूते निकले हुए हैं, उससे स्पष्ट है कि युवक ने सुसाइड किया है।
पेड़ पर चढ़ने के लिए उसने जूते नीचे निकाले और पेड़ पर चढ़ गया होगा। इसके बाद उसने कपड़े को पेड़ की मोटी टहनी से बांधा और फंदा लगा लिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसका शव पेड़ पर लटके होने की सूचना आसपास के ग्रामीणों ने दी थी।

