Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गोली लगने से युवक की मौत- शव बैड पर पड़ा मिला; हाथ में थी पिस्तौल, कमरे में मिली पूर्व सीएम चौटाला के साथ फोटो

सोनीपत के गन्नौर के गांव पुरखास में बीती रात को एक व्यक्ति की कनपटी में गोली लगने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सुबह उसका शव बैड पर पड़ा मिला। उसके हाथ में पिस्तौल थी और शरीर कंबल से ढ़का था। सूचना के बाद गन्नौर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल में भेजा गया है। व्यक्ति की हत्या हुई है या ये सुसाइड केस है, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा।

गन्नौर थाना क्षेत्र के गांव पुरखास धीरान में डाकखाना के पास जगबीर सिंह उर्फ नन्हा (40) अपने घर में अकेला ही रहता था। वह अपने भाइयों के पास खाना खाता और इसके बाद सोने के लिए अपने घर पर आ जाता। मंगलवार रात को भी वह खाना खाने के बाद घर आ गया था। सुबह वह घर से नहीं निकला तो परिवार के लोग उसके पास पहुंचे। वह बैड पर मृत हालत में पड़ा था। उसे गोली लगी थी। पिस्टल भी उसके हाथ में ही थी।

पुरखास में गोली लगने से युवक की मौत की सूचना के बाद थाना गन्नौर से जांच अधिकारी (IO) सतबीर सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन की। मौके पर हालात का जायजा लेने के बाद आईओ ने पूरी जानकारी एसएचओ को दी। बाद में एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और बड़ी बारीकी से घटना स्थल की जांच की।

जगबीर की हत्या हुई है या उसने खुद को गोली मार कर सुसाइड किया है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। बताया गया है कि सतबीर के पास अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर थी। उसके दाएं हाथ में एक रिवाल्वर मिली है। फोरेंसिक इसकी जांच करेगी कि गोली इससे चली है या नहीं।

जांच अधिकारी सतबीर सिंह ने बताया कि जगबीर रात को ठीक ठाक अपने भाई के घर खाना खाकर अपने रूम पर आया था। जगबीर के भाई ने सुबह दरवाजा खोला तो वह मृत पाया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की छानबीन जारी है। प्रारंभिक छानबीन में ये सुसाइड केस लग रहा है।

बताया गया है कि जगबीर उर्फ नन्हा की अपनी पत्नी के साथ दो साल से अनबन चल रही थी। उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई थी। इसके बाद से वह अकेला ही घर में रहता था। पत्नी के जाने से वह मानसिक तौर से परेशान था। उसके पास बेटा और बेटी भी थे। बेटी की मौत हो चुकी है। बेटा भी अब उसके पास नहीं था।

जगबीर उर्फ नन्हा इनेलो पार्टी से जुड़ा रहा है। जिस कमरे में उसका शव मिला, वहां पर उसकी पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के साथ एक दीवार पर फोटो भी टंगी मिली है। उसकी मौत से परिजन आहत हैं। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version