Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में युवक को लोहे की रॉड और डंडों से पीटा: बाइक अड़ाकर रोका रास्ता, हाथ-पैर पर किए वार; बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हुए 3 हमलावर

रोहतक/महम। रोहतक जिले के महम क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवकों पर स्कूटी सवार युवक का रास्ता रोककर लोहे की रॉड और डंडों से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में युवक के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बेहोशी की हालत में मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

घायल की पहचान दलसिंह पुत्र राममेहर निवासी गांव भैणी चंद्रपाल के रूप में हुई है। उसे पहले महम के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए रोहतक PGI के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डेयरी से गांव लौट रहे थे दोनों युवक

दलसिंह ने पुलिस को बताया कि वह महम में अपनी मौसी के बेटे दलशेर की डेयरी पर गया हुआ था। दोपहर के समय गांव भैणी चंद्रपाल निवासी संजय पुत्र महाबीर भी वहां पहुंच गया।

रात करीब 9 बजे दोनों स्कूटी पर अपने गांव लौट रहे थे। स्कूटी संजय चला रहा था, जबकि दलसिंह पीछे बैठा हुआ था।

पेट्रोल पंप के पास बाइक अड़ाकर रोका रास्ता

दलसिंह के अनुसार, जब वे फरमाणा रोड स्थित किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया।

शिकायत के मुताबिक, तीनों युवकों के हाथों में लोहे की रॉड और डंडे थे। उन्होंने बाइक से उतरकर दलसिंह पर हमला कर दिया और उसके हाथों व पैरों पर कई वार किए। इस दौरान संजय मौके से भाग निकला।

बेहोशी की हालत में छोड़कर दी जान से मारने की धमकी

दलसिंह ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसने शोर मचाया तो हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले के कारण वह बेहोश हो गया।

होश आने पर उसने अपनी मौसी के बेटे दलशेर को फोन कर मौके पर बुलाया। इसके बाद दलशेर उसे इलाज के लिए महम अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां से उसे PGI के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी

महम थाना प्रभारी रौशन लाल ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Exit mobile version