Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सरपंची चुनाव में वोट न देने की रंजिश में युवक पर चाकू से हमला: बस स्टैंड पर पिता ने बचाया

रोहतक में चुनावी रंजिश के चलते बस स्टैंड पर खड़े युवक पर गांव के ही 2 लोगों द्वारा चाकू से हमला करने का मामला सामने आया हैं। हालांकि इस हमले में वह बाल-बाल बच गया और चाकू हाथ व गर्दन के पास जा लगे। हमले के पीछे चुनावी रंजिश सामने आई है। सरपंची चुनाव में वोट नहीं देने व हारने की रंजिश में यह हमला किया गया है।

गांव काहनी निवासी निशांत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक में कंप्यूटर कोर्स कर रहा है। वह प्रतिदिन बस से ही रोहतक आता है। वह स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उनके गांव का विनय प्रताप उर्फ विक्की व उसनपाल वहां पर आ गए। उन्होंने आते ही गाली-गलौज करनी शुरू कर दी।

जब उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया तो झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपी विनय प्रताप ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी गर्दन पर हमला किया तो वह बाल-बाल बच गया और चाकू कान के पास जा लगा। वहीं हाथ पर भी चाकू से वार किया गया।

चाकू लगने के बाद निशांत जमीन पर गिर गया। वहीं दोनों ने लाठी-डंडों से मारना शुरू कर दिया। बचाव में उसने शोर मचाया। वहीं इस दौरान उसके पिता सुशील कुमार भी पानी लेने के लिए आए हुए थे। अपने बेटे की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा और गांव के लोगों की भी भीड़ लग गई।

लोगों को वहां पर एकत्रित होता देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए। साथ ही जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सुशील कुमार ने बताया उसके बेटे पर रंजिश के कारण हमला किया है। हमलावरों के परिवार से सरपंची का उम्मीदवार था।

चुनाव के दौरान आरोपियों ने अपने पक्ष में वोटिंग के लिए दबाव बनाया था, जबकि वे चुनाव हार गए। जिसके बाद से वे रंजिश रखने लगे। हालांकि आरोपियों का परिवार पहले से ही रंजिश रखे हुए हैं। इसी रंजिश में उसके बेटे पर हमला किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version