हरियाणा की रोहतक पुलिस ने गश्त के दौरान हत्या करने के इरादे से घूम रहे युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया। आरोपी से एक देसी पिस्तौल व 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना शिवाजी कॉलोनी में मामला दर्ज करके कार्रवाई की गई है। आरोपी से पूछताछ में एक मोटर साइकिल चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी से चोरीशुदा मोटर साइकिल को बरामद भी किया गया है।
AVT स्टाफ प्रभारी SI गोर्धन सिंह ने बताया कि ASI अनिल के नेतृत्व में टीम बालचंद चौक के पास गश्त पर थी। गश्त के दौरान गांव सुनारियां की तरफ से पैदल आ रहे युवक को शक के आधार पर काबू किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव सुनारियां निवासी अजय उर्फ मोटा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर युवक से देसी पिस्तौल व 2 जिंदा रौंद मिले। युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत थाना शिवाजी कॉलोनी में केस दर्ज किया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने 17/18 जुलाई की रात को नया पडाव वैश्य कॉलेज रोड रोहतक गली में स्थित घर के सामने खड़ी मोटर साइकिल चोरी की थी, जिसे बरामद किया गया। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला है। उसके खिलाफ स्नैचिंग, पोक्सो एक्ट, चोरी आदि के 7 मामले दर्ज हैं, जिनमें आरोपी गिरफ्तार हो चुका है।

