हरियाणा के रोहतक शहर में एटीएम में चोरी करने आए एक चोर को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी एटीएम के सीसीटीवी कैमरे पर टूथपेस्ट लगा रहा था कि तभी पुलिस वहां पहुंच गई और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से एक बड़ा पेंचकस बरामद किया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
हेड कॉस्टेबल सोनू ने बताया है कि शुक्रवार सुबह पांच बजे के आसपास जब वह शहर की सेक्टर-1 मार्केट में साथियों संग गश्त कर रहे थे तो वहां एक्सिस बैंक के एटीएम में एक युवक संदिग्ध गतिविधि करता नजर आया। पास जाकर देखा तो युवक एटीएम के सीसीटीवी कैमरे पर कोई लेप लगाकर उस पर कागज चिपका रहा था। उसी वक्त उसे दबोच लिया। युवक की एक जेब से लोहे का बड़ा पेंचकस बरामद मिला, जबकि दूसरी जेब से ब्रांडेड कंपनी की टूथपेस्ट मिली। आरोपी ने अपना नाम दीपक बताया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि सीसीटीवी कैमरे को ढकने के बाद पेंचकस से एटीएम को खोलना था। इसके बाद एटीएम से सारा कैश चोरी करके ले जाने की मंशा थी। मामले में अर्बन स्टेट थाना पुलिस जांच कर रही है। आरोपी से एटीएम लूट व ठगी के विगत मामलों में भी उसके शामिल होने के बारे में पूछताछ की जा रही है।

