Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

‘तुम्हारा हाल भी मूसेवाला जैसा होगा’, सलमान खान और उनके पिता को मिला धमकी भरा खत

एक्टर सलमान खान और उनके पिता सलीम खान के नाम किसी अनजान शख्स ने धमकी भरा लेटर भेजा है। महाराष्ट्र होम डिपार्टमेंट ने धमकी मिलने के बाद एक्शन लिया है। सलमान और उनके पिता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम सोमवार को सलमान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ पहुंची।

एक दिन पहले यानी 5 जून को सलमान और सलीम खान को धमकी भरा खत मिला था। बांद्रा के बैंडस्टैंड प्रोमेनेड में सलीम खान के गार्ड को यह खत उस जगह मिला था जहां सलीम मॉर्निंग वॉक के बाद जाकर बैठते हैं।पुलिस के मुताबिक इस खत में लिखा गया था कि- ‘सलीम खान, सलमान खान बहुत जल्द तुम्हारा हाल सिद्धू मूसेवाला जैसा होगा.’। बाद में सलीम खान ने अपने सुरक्षाकर्मी की मदद से पुलिस से संपर्क किया और बांद्रा थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।

अपनी शिकायत में सलीम खान ने किसी पर इस जान से मारने की धमकी को देने का शक नहीं जताया है। इस मामले में बांद्रा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। इस खत में G.B और L.B भी लिखा है। जिससे पुलिस यह मान रही है कि सलमान को यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही दी है।

सलीम खान ने पुलिस को बताया कि- मॉर्निंग वॉक खत्म करने के बाद उनका रोज एक ही बेंच पर बैठना फिक्स है। वह रविवार सुबह अपने दो बॉडीगार्ड्स के साथ वॉक पर गए थे, जहां बॉडीगार्ड ने बेंच पर लेटर पड़ा देखा। बता दें कि मानसा जिले में बीती 29 मई को अज्ञात हमलावरों ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला (28) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा घटाए जाने के एक दिन बाद यह घटना हुई थी। 

दरअसल, मूसेवाला की हत्या में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम आया था। उसने 2008 में भी सलमान को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने सलमान की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया था।लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर काले हिरण का शिकार करने के मामले में सलमान खान की हत्या की साजिश रची थी। बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है, इसलिए इसका शिकार करने के आरोपी सलमान खान को लॉरेंस ने जान से मारने की धमकी दे डाली थी।

साल 2008 में अदालत के बाहर लॉरेंस बिश्नोई ने कहा था कि वह जोधपुर में सलमान खान को मार देगा। उसने यह भी कहा था, ‘अभी तो मैंने कुछ किया नहीं है, लेकिन जब सलमान खान को मारेंगे तो पता चल जाएगा। फिलहाल मुझे फालतू में घसीटा जा रहा है।’

अब सलमान के साथ उनके प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड तो रहेंगे ही, साथ ही मुंबई पुलिस के कुछ सिपाही भी रहेंगे। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘हमने सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए उनके अपार्टमेंट के आसपास मौजूद रहेगी कि कोई भी गिरोह किसी तरह की हरकत न करे।’

Exit mobile version