रोहतक के गांव चुलियाना के मोड़ पर 16 सितंबर की रात को हुए कार एक्सीडेंट में 22 वर्षीय युवती की मौत मामले में पीड़ित परिवार केस दर्ज करवाने के लिए भटक रहा है। कई बार थाने के चक्कर लगाने के बाद भी केस दर्ज नहीं हो रहा। पीड़ित परिवार का कहना है कि दो युवकों ने हत्या की है, जिसे एक्सीडेंट बताया जा रहा है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय छात्रा रूबी निवासी गांव तितरोड़ा जिला बागपत यूपी हाल उत्तम नगर दिल्ली के रूप में हुई थी, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। पिछले करीब 4-5 साल से रूबी दिल्ली में किराए के मकान में रहती थी। 16 सितंबर को रूबी मकान मालकिन, उसके बेटे अंकुश व उसके साथी गौरव के साथ कहीं गई थी। रूबी के पिता अरविंद ने बताया कि कार में रूबी, अंकुश व गौरव सवार थे और दिल्ली वापस लौटते समय रात करीब 10 बजे कार चुलियाना मोड़ पर डिवाइडर से टकराई, जिसमें रूबी की मौत हो गई। जबकि अंकुश व गौरव को एक खंरोच तक नहीं आई।
अरविंद ने बताया कि कार में सवार दोनों युवक अंकुश व गौरव घायल अवस्था में रूबी को प्राइवेट अस्पताल में छोड़कर भाग गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। रात करीब साढे 12 बजे अस्पताल से डॉक्टर ने फोन करके सूचना दी। जिसके बाद पुलिस का भी फोन आया। अरविंद ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी रूबी की अंकुश व गौरव ने हत्या की है, जिसे हादसा दिखाया जा रहा है। 17 सितंबर से गौरव व अंकुश का कुछ पता नहीं है और पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर रही। घटना को इतने दिन बीत गए, लेकिन अभी तक उनका केस भी दर्ज नहीं किया गया है।
मृतका के पिता अरविंद ने मामले में सरकार से इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। अरविंद का कहना है कि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही, उनका केस तक दर्ज नहीं किया गया। पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। अरविंद ने कहा कि बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए सांपला थाना के एसएचओ से मिलकर कार्रवाई के बारे पूछेंगे। साथ ही एसपी से भी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए न्याय की गुहार लगाएंगे। उनकी बेटी की हत्या की गई है और हत्या करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
सांपला थाना से जांच अधिकारी आशीष ने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से शिकायत मिली है, जिसमें दो युवकों पर आरोप लगाए गए है। पुलिस मामले में जांच कर रही है और जल्द ही दोनों युवकों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है।

