Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बहन की शादी कराने वाले युवकों के सिर में मारी गोलियाँ…एक की मौत एक गंभीर रूप से घायल


हरियाणा के सोनीपत में लव मैरिज की पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। गांव भटगांव में एक युवक की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने पहले बाइक सवार युवकों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय बिट्टू के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक सागर का इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हमला करीब 5 साल पुरानी लव मैरिज की रंजिश में किया गया।

जानकारी के मुताबिक गांव भटगांव निवासी प्रवीण ने गांव के ही मोहित और प्रिंस की बहन से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से दोनों गांव छोड़कर रह रहे थे। लड़की के भाइयों को शक था कि प्रवीण के दोस्त बिट्टू ने इस शादी में उसका साथ दिया था। इसी रंजिश में आरोपी लंबे समय से बदला लेने की फिराक में थे।

शनिवार देर शाम बिट्टू और सागर ड्यूटी से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे बड़वासनी रोड पर पहुंचे, तभी आरोपी मोहित और प्रिंस ने उन पर हमला कर दिया। पहले बिट्टू की आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया और फिर उसके सिर में तीन गोलियां मार दी गईं। सागर पर भी फायरिंग की गई, लेकिन वह घायल अवस्था में बच निकला।

वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें एक्टिव हो गईं। रविवार सुबह नेशनल हाईवे-352A पर गांव जाजी के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों भाइयों के पैरों में गोली लगी और उन्हें घायल हालत में खानपुर पीजीआई में भर्ती कराया गया।

डीसीपी नरेंद्र सिंह कादयान के अनुसार आरोपियों के पास से 2 अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Exit mobile version