रोहतक शहर के सैनी पुरा मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पत्नी व उसके मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पाकर ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान करीब 27 वर्षीय विशाल सैनी के रूप में हुई, जो पिछले तीन महीने से अपनी ससुराल फरीदाबाद में रहता था। दो दिन पहले विशाल अपनी मां रेखा के बुलाने पर घर आया था और आज उसकी मौत की सूचना पत्नी रूबी को मिली। मृतक की पत्नी ने विशाल की हत्या करने का आरोप सास रेखा, मामा कुणाल व ननद पर लगाया है।
मृतक विशाल की पत्नी रूबी सैनी के मुताबिक चार साल पहले विशाल से प्रेम विवाह किया था, जो सास रेखा को पसंद नहीं था। विशाल शराब पीने का आदी था, जिसके कारण कर्जा भी हो गया था। करीब तीन महीने पहले सास ने चोरी का आरोप लगाते हुए उसे घर से निकाल दिया। उसके एक महीने बाद विशाल भी उसके पास फरीदाबाद आ गया।
रूबी सैनी के मुताबिक उसे रात 3 बजे फोन आया कि विशाल ने फांसी लगा ली है, जबकि विशाल के गले पर फांसी का कोई निशान नहीं है। उन्हें बताया कि करीब डेढ़ घंटा फांसी पर लटका रहा, जबकि गले पर कोई निशान नहीं मिला। बल्कि शरीर नीला पड़ा हुआ है, उन्हें शक है कि विशाल को जहर देकर मारा गया है।
रूबी सैनी के मुताबिक विशाल का मामा कुणाल, मां रेखा व बहन उस पर दबाव बना रहे हैं कि दो-चार लाख रुपए ले ले, केस को रफा दफा कर दे। विशाल को घर से हिस्सा ना देना पड़े, इसलिए अपने ही बेटे को मार दिया। वह फरीदाबाद से 4 घंटे में सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन विशाल के घर से कोई नहीं आया है। उसे इंसाफ चाहिए।
रूबी की मां मुकेश देवी के मुताबिक 21 दिन पहले पीजीआई में उसके पति की मौत हो गई थी। अभी उस सदमे से बाहर भी नहीं निकले हैं कि दामाद विशाल की मौत भी हो गई। उसके दामाद को मारा गया है। विशाल ने फांसी नहीं लगाई, बल्कि जहर देकर हत्या की है। मुकेश देवी ने बताया कि विशाल की मां व मामा लगातार रूबी पर तलाक देने के लिए दबाव बना रहे थे, इसलिए घर से भी निकाल दिया था। विशाल उनके पास फरीदाबाद में ही किराए के कमरे में रहता था। विशाल की मां लगातार फोन करके कर्जा चुकाने के लिए उसे बुलाती थी।
मुकेश देवी के मुताबिक विशाल से परसो फोन पर बात हुई, तो विशाल ने कहा कि वह बहुत परेशान है और कल घर वापस आएगा। लेकिन विशाल की मां व मामा ने मिलकर विशाल को मार दिया और फांसी बताकर आत्महत्या करने की बात कह रहे है। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है।
ओल्ड सब्जीमंडी थाना पुलिस ने बताया कि एक युवक की संदिग्ध हालातों में मौत होने की सूचना मिली है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान दर्ज किए है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
