रोहतक जिले के महम चौबीसी के बहलबा गांव में बुधवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। खेत में काम करते समय 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शहर के सामान्य अस्पताल में भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बहलबा के राहुल पुत्र सत्यवान धान की फसल से खरपतवार निकाल रहा था। इसी दौरान वह अचानक पानी में गिर गया और उसका मुंह पानी में डूब गया। पास के खेत में काम कर रहे पड़ोसी ने यह देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन गंभीर हालत में राहुल को नागरिक अस्पताल महम लेकर आए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया। महम पुलिस का कहना है कि मृत्यु के सटीक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।परिजनों ने बताया कि राहुल दो भाइयों में छोटा था, उसके बड़े भाई की शादी हो चुकी है। घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
