रोहतक में एक भांजे ने अपने साथ 50 से ज्यादा साथियों के साथ मामा की डेयरी में तोड़फोड़ करने के बाद गाय-भैंसों को खोलकर भगा दिया सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि जब मामी और उसकी बहन ने उन्हें रोकना चाहा तो उनके साथ मारपीट भी की और न ही मौके पर आए मामा की बात मानी। पीड़ित मामा ने थाने में शिकायत देकर आरोपी भांजे व उसके साथियों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

रोहतक के विशाल नगर में रहने वाले अशोक कुमार ने पुलिस को बताया है कि वह उनके भाई प्रवीन मिलकर डेयरी चलाते हैं। भांजे समीर से प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। समीर अपनी चाची के भड़काने पर उनकी डेयरी पर 50 से अधिक युवकों को लेकर आ गया। सभी ने डेयरी में तोड़फोड़ करने के बाद गाय-भैंसों को खोलकर भगा दिया।
डेयरी की दीवार व मुख्य गेट को भी तोड़ दिया। पत्नी व उसकी बहन ने रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनसे धक्का-मुक्की व मारपीट की। सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी भांजे को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
शिकायतकर्ता अशोक ने बताया कि जब भांजा व अन्य आरोपियों ने उत्पाद मचाना बंद नहीं किया तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस को देख आरोपी भाग खड़े हुए। आरोपी जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं। खोली गई भैंसो में से चार भैंस ओर उनके दो कटरे अभी तक नहीं मिले हैं। वहीं आरोपी मोबाइल फोन, डेयरी में रखे रुपए भी निकाल ले गए हैं। मामले में थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
