सिरसा। हरियाणा के सिरसा में जमीन विवाद को लेकर हुए झगड़े में कांग्रेस के युवा नेता लवप्रीत सिंह (30) की हत्या कर दी गई। आरोप है कि खेत में हुए विवाद के दौरान उनके सौतेले भाई ने सिर पर लाठी-डंडों से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में उनके पिता नाजम सिंह भी घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस की शुरुआती जांच में परिवार के बीच 35 एकड़ जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच खेत में कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ था, जो हिंसक हो गया।
सिर पर डंडों से किए कई वार
जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान लवप्रीत सिंह के सिर पर लाठी-डंडों से कई वार किए गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनके पिता नाजम सिंह, बड़े भाई गुरलाल और परिवार के अन्य लोग भी मौजूद थे। पिता नाजम सिंह को भी चोटें आई हैं।
कांग्रेस में युवा हलका इंचार्ज थे लवप्रीत
लवप्रीत सिंह सारा कालांवाली में कांग्रेस के युवा हलका इंचार्ज थे। उनकी हत्या की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
35 एकड़ जमीन के विवाद की जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक जमीन विवाद की बात सामने आई है। परिवार में 35 एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

