रोहतक में एक हॉस्टल से योगा कोर्स की छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है । अचानक से अपनी बेटी से मिलने माता-पिता हॉस्टल पहुंचे तो उन्हें उनकी बेटी वहां नहीं मिली। छात्रा के पिता ने मामले में एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर की मॉडल टाउन पुलिस चौकी इलाके में स्थित एक कॉलेज में एमए योगा विषय की छात्रा लापता हो गई है। लापता छात्रा के पिता ने बताया है कि वह अपनी पत्नी सहित बेटी से मिलने हॉस्टल पहुंचे थे। वहां हॉस्टल प्रबंधन से बेटी को बुलाने के लिए कहा। काफी देर तक आगुंतक कक्ष में बेटी नहीं आई तो खुद उसके कमरे में जाकर चेक किया।
पिता ने बताया कि बेटी कमरे में नहीं मिली। कैंपस में उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उसकी क्लासमेट से जानकारी ली तो उसने बताया कि वह बिना बताए कहीं चली गई है। बेटी का रिश्ता तय हो चुका था। उसकी कुछ दिन बाद ही शादी होनी थी। घर में तैयारियां चल रही हैं।
पीड़ित पिता ने बताया है कि बेटी के मंगेतर के पास किसी अज्ञात ने मैसेज किए थे कि आप शादी के लिए मना कर दो। इसके बाद ही यह घटना हुई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। जांच की जा रही है। हॉस्टल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
