हरियाणा में गर्मी ने अब तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 से 24 अप्रैल तक प्रदेश में हीट वेव (लू) को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे अप्रैल में ही भीषण गर्मी का एहसास होने लगा है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। 20 और 21 अप्रैल को नारनौल और रोहतक जैसे इलाकों में ‘वार्म नाइट’ यानी रात के समय भी गर्मी बनी रहने की स्थिति रह सकती है।
वहीं, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। हालांकि 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव आएगा और कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
सोमवार को नारनौल 42.0°C के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। रोहतक में पारा 41.6°C और सिरसा में 40.6°C दर्ज किया गया। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुष्क हवाओं के कारण दिन के तापमान में अभी 3-4 डिग्री की और वृद्धि होगी। विशेषकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच लू के थपेड़े लोगों को बेहाल करेंगे। रोहतक और करनाल जैसे शहरों में हीटवेव की स्थिति पहले ही दर्ज की जा चुकी है।
हरियाणा में न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में -0.5°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 18.0°C रहा, जबकि नूंह में यह 27.9°C तक पहुंच गया। अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य बना हुआ है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 18.1°C रहा, जो सामान्य से -3.2°C कम है। वहीं, नारनौल में तापमान सामान्य से 4.7°C अधिक दर्ज किया गया।
