मौसम विभाग ने हरियाणा के 15 जिलों के लिए येलो हीट अलर्ट जारी किया है। 7 अप्रैल से प्रदेश में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यदि तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है, तो उसे हीट वेव माना जाता है।
अब 7 अप्रैल से 9 अप्रैल के बीच तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा। इसलिए हरियाणा के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात आदि शामिल हैं।
इन जिलों के किसानों को लगातार बढ़ रहे तापमान में गर्म हवा (हीट वेव) को लेकर विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी जाती है।
अधिक तापमान के कारण पानी की कमी से पौधे अनियमित पोषण का शिकार हो जाते हैं। गर्मी के प्रभाव से गेहूं की पछेती फसल की पैदावार कम हो जाती है, क्योंकि गेहूं की बालियां समय से पहले पक जाती हैं, जिससे उसके दाने कमजोर हो जाते हैं। यदि दिसंबर माह के अंत में गेहूं की बुआई की जाए तो हल्की सिंचाई की जा सकती है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार जिला हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, सिरसा, फतेहाबाद, जींद व सोनीपत में गर्मी अधिक रहेगी। हालांकि 7 जिलों ( पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल व पानीपत) में कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। इन जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार से कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 9 अप्रैल तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। लेकिन 9 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव संभव है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सिरसा में हुई। जहां 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ तापमान 37.6 डिग्री पर पहुंच गया।
वहीं, सबसे ज्यादा गिरावट फरीदाबाद के तापमान में हुई, जहां 2 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
