उत्तर भारत में प्री-मानूसन के कारण हुई बारिश व तेज हवाओं के चलते गर्मी से राहत मिली है। पहाड़ों पर बारिश को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। जबकि, हरियाणा-पंजाब में आज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, चंडीगढ़ में आज धूप खिलेगी व तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।
हरियाणा के कुछ जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने गुरुवार को दूसरा अलर्ट जारी किया है, जिसका प्रभाव दोपहर तक रहने का अनुमान है। इस के अनुसार फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और अंबाला में बादल गरजने के साथ बारिश हो सकती है।
इसके साथ 30 से 40 KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्यप्रदेश के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। इससे राजस्थान के कुछ और जिलों, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के शेष भाग, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश भाग, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, पंजाब के उत्तरी हिस्से और हरियाणा के उत्तरी हिस्से में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल है।
हिमाचल के ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर को छोड़कर 9 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

