Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 9 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट:तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा, सिरसा 43°C के साथ सबसे गर्म, 30 अप्रैल से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने हरियाणा के 9 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। 29 अप्रैल तक गर्मी अपना असर दिखाएगी और तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को परेशान करेगी। वहीं, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 29 अप्रैल के दौरान हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान 25 व 26 अप्रैल को उत्तर पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

27 अप्रैल को हवा में बदलाव के कारण 28 व 29 अप्रैल को फिर से आंशिक बादल व पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम गर्म रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी की संभावना के कारण इस दौरान बीच-बीच में गर्म धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। लेकिन 30 अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग द्वारा 25 अप्रैल के लिए 9 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 13 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। प्रदेश के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात व पलवल के लिए यलो अलर्ट है।

26 से 28 अप्रैल तक प्रदेश के 16 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम व फरीदाबाद ) में यलो अलर्ट रहेगा। वहीं 6 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल व करनाल) को ग्रीन जोन में रखा है।

Exit mobile version