हरियाणा के 2 जिलों सोनीपत और पानीपत में सुबह-सुबह हल्की बारिश हुई। वहीं महेंद्रगढ़, सिरसा और भिवानी समेत कई जगह बादल छाए हुए हैं। हल्की धुंध भी है। मौसम विभाग ने कोहरे और शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है।
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद में कोहरे का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक प्रदेश में 2 दिन सूखी ठंड रहेगी। प्रदेश में 2 दिन बाद लगातार 2 दिन हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को पानीपत और करनाल की रातें सबसे ठंडी रहीं। पानीपत में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री और करनाल में 8.8 डिग्री पहुंच गया। अंबाला में 9.1 डिग्री और कुरूक्षेत्र में 9.3 डिग्री तक तापमान पहुंचा। हालांकि, सिरसा और गुरुग्राम में दिन के वक्त सबसे ज्यादा तापमान रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 21 से ज्यादा रहा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अगले 2 दिन प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के वक्त धुंध हो सकती है। 26 दिसंबर की रात को जो पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। उसका प्रभाव मैदानी क्षेत्रों में भी पड़ने की संभावना है। इससे 27–28 दिसंबर को हरियाणा के सभी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और धुंध भी बढ़ेगी
