Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 3 जिलों में कल से बारिश का यलो-अलर्ट:28 जुलाई से फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, दो दिन छिटपुट बूंदाबांदी के आसार

हरियाणा में मानसून की चाल फिलहाल दो दिन के लिए थोड़ी धीमी पड़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज प्रदेश के पश्चिमी और मध्य जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।

हालांकि, उत्तर-पूर्वी जिलों और एनसीआर के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने की संभावना है। लेकिन, 27 जुलाई की रात से मौसम बदलेगा और 28 एवं 29 जुलाई से प्रदेश में एक बार फिर मानसून पूरी तरह सक्रिय होगा। कई जिलों में झमाझम बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

आज (रविववार को) पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर छिटपुट हल्की बारिश की संभावना है।

कल 27 जुलाई को प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी रात से मौसम बदलेगा और 28 जुलाई को मानसून रफ्तार पकड़ेगा।

उत्तर और दक्षिण-पूर्वी जिलों में अधिकतर जगहों पर भारी बारिश होगी। 29 जुलाई को मानसून का विकराल रूप देखने को मिलेगा। पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश (75-100% इलाकों में) की संभावना है। 28 और 29 जुलाई को उत्तर-पूर्वी जिलों-पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।

Exit mobile version