Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट: मानसून फिर सक्रिय, तापमान में 1°C तक गिरावट; भिवानी सबसे गर्म

हरियाणा में मानसून की विदाई से पहले मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में अगले 3 दिन (15 से 17 सितंबर) तक मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। सोमवार को राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.5°C की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.1°C की गिरावट आई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, झज्जर और चरखी दादरी में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी-पूर्वी हवाएं हरियाणा में एक्टिव होने से मानसून के सक्रिय बने रहने के आसार हैं।

प्रदेश में मानसून की सक्रियता अगले कुछ दिन जारी रहेगी। 15 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी और उत्तरी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। 16 सितंबर को उत्तर और मध्य हरियाणा सिरसा, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला में बारिश हो सकती है।

17 सितंबर को पश्चिमी और मध्य हिस्सों में कई जगहों पर मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं। 18 सितंबर को मौसम में सुधार होगा और केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश रह जाएगी।

प्रदेश में रात के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों में 1.1°C की कमी आई है, जो सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.0°C भिवानी और यमुनानगर में दर्ज किया गया। अंबाला में 25.4°C, हिसार में 24.4°C, करनाल में 24.8°C, नारनौल में 25.0°C, रोहतक में 25.8°C और पलवल में 26.4°C दर्ज किया गया।

Exit mobile version