Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, 23 से बढ़ेगा तापमान,25 और 26 मार्च को फिर बदलेगा मौसम

हरियाणा में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। हरियाणा में आज से 2 दिन, 21 मार्च तक मौसम में बदलाव रहेगा। राजस्थान से सटे हरियाणा के 7 जिलों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आज हरियाणा के राजस्थान के साथ लगते जिले, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और नारनौल में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 25 मार्च तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है।

इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण आज (20 मार्च को) राज्य में बीच-बीच में आंशिक बादल व रात में हवा चलने व गरज चमक के साथ उत्तर पश्चिमी व दक्षिणी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है। परंतु 21 मार्च से मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से 25 मार्च तक दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 मार्च को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इससे हरियाणा में एक बार फिर आंशिक बादल छाए रहेंगे। मार्च महीने के अंत तक लगातार मौसम परिवर्तनशील और तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा।

बता दें कि, हरियाणा में 13 मार्च को आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण ओलावृष्टि और बारिश देखने को मिली थी, इसके बाद से तापमान लगातार 30 डिग्री के आसपास बना हुआ था। 12 मार्च को तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया था।

Exit mobile version