हरियाणा में बारिश का दौर शुरू हो गया है, जो लगातार 19 जून तक चलेगा। 19 से हरियाणा में प्री-मानसूनी हवाएं एक्टिव हो जाएंगी। आगामी दिनों में हरियाणा के उत्तर-पूर्वी इलाकों में अधिक बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के उत्तर पूर्वी के इलाकों में 50 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ-साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक 20 जून के बाद कभी भी प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है। हालांकि हरियाणा में मानसून 29 जून को एंट्री करता है, मगर संभावना है कि मानसून 4 से 5 दिन पहले एंट्री कर सकता है।

