Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 16 जिलों में उमस-गर्मी का यलो अलर्ट: 6 शहरों में बूंदाबांदी के आसार, 3 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून; नारनौल सबसे गर्म

हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम है। इसके बाद मानसून दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ फिलहाल हिमालय की तलहटी की ओर खिसक गई है, जिसके चलते हरियाणा में 20 जुलाई तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि, 20 जुलाई के बाद मानसून ट्रफ के दोबारा दक्षिण की ओर आने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ सकती हैं।
इस बीच राहत की बात यह है कि आज उत्तर हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है।

वहीं गर्मी और उमस को लेकर आईएमडी ने आज फिर चेताया है। आज प्रदेश के 22 में से 16 जिलों में उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जिसके लिए विभाग ने बकायदा यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर हरियाणा में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।

आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात (नुह) में कल भारी उमस और गर्मी का दौर रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को भी स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहेगी, जहां पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में उमस का अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि, 19 जुलाई से मौसम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जब मानसून एक बार फिर करवट लेगा और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं।

हरियाणा में मानसून पर ब्रेक के कारण औसत अधिकतम तापमान में 0.1°C की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C ऊपर चल रहा है। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में पारा 40.2°C, सिरसा में 38.6°C और अंबाला व गुरुग्राम में 38.0°C दर्ज किया गया, जिससे दिनभर लोग पसीने से तर-बतर रहे।

राज्य में रात के तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में औसत तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया और यह सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 24.9°C दर्ज किया गया, जहां बुधवार सुबह तक बारिश होने से रात को थोड़ी राहत रही। वहीं, सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान सिरसा में 30.0°C और अंबाला में सामान्य से 3.5°C अधिक यानी 29.4°C रिकॉर्ड किया गया।

Exit mobile version