हरियाणा के Yamunanagar शहर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के समय उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ मायके गई हुई थी।
बताया जा रहा है कि शाम के समय जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो युवक अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सिविल अस्पताल, Yamunanagar ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय चिराग उर्फ लक्की, निवासी जम्मू कॉलोनी के रूप में हुई है। वह एक बच्चे का पिता था।
मृतक के चाचा देवेंद्र ने बताया कि उसके भाई नरेंद्र के पास चार बच्चे हैं। चारों में से तीसरे नंबर वाला बेटा लक्की फैक्ट्री में काम करता था और घर के ऊपरी कमरे में अपनी पत्नी और तीन साल के बच्चे के साथ रहता था। करीब 10 दिन से उसकी पत्नी बच्चे के साथ मायके गई हुई थी।
रविवार रात लक्की खाना खाकर अपने कमरे में चला गया था। रात करीब डेढ़ बजे तक वह मोबाइल चलाता रहा। जिसके बाद मोबाइल नीचे रखकर वापस कमरे में चला गया। वह अक्सर सुबह बिना बताए काम पर निकल जाता था, इसलिए परिवार को लगा कि सोमवार सुबह भी वह काम पर चला गया होगा।
सोमवार शाम करीब पांच बजे लक्की की मां छत पर पौधों को पानी देने गई थी। इस दौरान उन्होंने देखा कि लक्की का कमरा अंदर से बंद है। खिड़की से झांककर देखा, तो वह पंखे से फंदा लगाकर लटका हुआ था। मां ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर हमीदा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची, काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया। अंदर जाकर देखा, तो लक्की ने लाल रंग की चुन्नी से फंदा बनाया हुआ था, उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। देवेंद्र ने बताया कि लक्की बिल्कुल ठीक था, घर में भी किसी तरह की परेशानी नहीं थी और कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। फिलहाल हमीदा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
