Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा मे यमुना, मारकंडा-घग्गर ओवरफ्लो:हिसार में 3 नेशनल हाईवे डूबे, माइनर टूटी; 8 जिलों में स्कूल बंद, आठ ट्रेन कैंसिल

हरियाणा में बारिश से हालात बिगड़े हुए हैं। यमुना, घग्गर, मारकंडा, टांगरी ओवरफ्लो हैं। इससे कई गांव जलमग्न हैं। तजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 5 दिन से यमुनानगर में स्थित हथिनीकुंड बैराज के फ्लड गेट खुले हुए हैं। यहां लगातार 1 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी बह रहा है।

पंचकूला, हिसार, रोहतक और झज्जर में सभी स्कूल बंद हैं, जबकि फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और फरीदाबाद में कुछ स्कूल बंद हैं।

हिसार में सिंघवा माइनर टूट गई है। गांव खानपुर की तरफ पानी बढ़ रहा है। इसके साथ यहां 3 नेशनल हाईवे पानी में डूबे हुए हैं। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-52 पर गांव बिचपड़ के पास, हांसी से बरवाला में गुजरने वाले नेशनल हाईवे 148बी और दिल्ली-हिसार नेशनल हाईवे नंबर 9 पर भैणी महाराजपुर और मुंढाल में 2 फुट पानी है।

सिरसा जिले के केलनिया-झोड़नाली में घग्गर नदी ओवरफ्लो हो गई है। इससे 2 एकड़ फसल डूब गई है।

उधर, जम्मू कश्मीर और पंजाब में बाढ़ के चलते हरियाणा की 8 ट्रेन कैंसिल हो गई हैं। जम्मू से चलकर पंजाब के रास्ते ये ट्रेन हरियाणा के सिरसा, हिसार होते हुए राजस्थान और गुजरात को जाती हैं। कुछ ट्रेन राजस्थान से हरियाणा के रेवाड़ी, गुरुग्राम होते हुए दिल्ली, यूपी के रास्ते पंजाब होते हुए जम्मू को जाती हैं। इन्हें 15 अक्तूबर तक कैंसिल किया गया है।

आज मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ (IMD) ने 6 जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरूक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हरियाणा के फरीदाबाद में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। सोमवार को हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया 3 लाख 29 हजार क्यूसेक पानी अब फरीदाबाद में असर दिखा रहा है। वर्तमान में यमुना में 2 लाख 44 हजार 478 क्यूसेक पानी बह रहा है, जिससे करीब एक दर्जन गांव पानी की चपेट में आ गए हैं। किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल डूब चुकी है।

यमुना का बढ़ता पानी लोगों को 2023 की बाढ़ की याद दिला रहा है। उस समय ओखला बैराज से 3 लाख 72 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इस साल अब तक 2 लाख 44 हजार 478 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे फरीदाबाद के कई गांव प्रभावित हुए हैं।

किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सिरसा और फतेहाबाद में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। वहीं बाकी बचे 20 जिलो में बादल देखने को मिलेंगे। कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसी प्रकार का मौसम 7 सितंबर को देखने को मिलेगा।

सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। पंचकूला, कुरूक्षेत्र, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, फरीदाबाद, पलवल में कुछ एक स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा अंबाला, यमुनानगर, करनाल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

Exit mobile version