Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

आधी रात सड़क पर भिड़े XEN और खनन कारोबारी…अधिकारी बोले-इल्लीगल ट्रक नहीं चलेंगे,बिजनेसमैन का जवाब-तो दीवार खड़ी कर दो

Breaking News Template intro for TV broadcast news show program with 3D breaking news text and badge, against global spinning earth cyber and futuristic style

यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में हाइडल विभाग के रास्ते से खनन वाहनों की आवाजाही को लेकर गुरुवार देर रात बड़ा विवाद हो गया। चेकिंग के लिए पहुंचे हाइडल विभाग के एक्सईएन विक्रांत ढांडा और ताजेवाला क्षेत्र के खनन कारोबारी शुभम उर्फ सनी के बीच सड़क पर तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच करीब 5 मिनट 46 सेकेंड तक चली नोकझोंक का वीडियो भी सामने आया है।

दरअसल, एक्सईएन विक्रांत ढांडा विभागीय टीम और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने खनन वाहनों को हाइडल विभाग के रास्ते से गुजरने से रोकते हुए कहा कि यह विभाग का निजी रास्ता है और यहां से माइनिंग के ट्रकों की आवाजाही की अनुमति नहीं है।

इस पर खनन कारोबारी शुभम ने कहा कि सरकार ने उनकी जमीन का अधिग्रहण किया, लेकिन स्क्रीनिंग प्लांट तक पहुंचने के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता या क्रॉसिंग उपलब्ध नहीं कराई। ऐसे में मजबूरी में उन्हें इसी रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। कारोबारी ने कहा कि यदि विभाग को आपत्ति है तो यहां दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया जाए।

इस पर एक्सईएन ने जवाब दिया कि विभाग जल्द ही यहां दीवार बनाएगा और वह उसी के निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे हैं। कारोबारी ने सवाल उठाया कि क्या दीवार का निरीक्षण रात तीन बजे किया जाता है? इस पर दोनों के बीच बहस और तेज हो गई।

विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद प्रतापनगर थाना पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिल गई हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version