रोहतक में एक विधवा महिला के मकान पर पहलवानों द्वारा तोड़फोड़ करके चोरी करने का मामला सामने आया है। जेसीबी लेकर आए आरोपियों ने मकान की खिड़की, दरवाजे तोड़ दिए। इसके बाद मकान से काफी सामान चोरी करके ले गए। पड़ोसियों की सूचना पर पंचकूला से आई पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पंचकूला में रहने वाली सरोज कुमारी से मिली जानकारी के अनुसार उनके पति की 10 साल पहले ही मौत हो चुकी है। रोहतक की रामनगर कॉलोनी के शिवम एनक्लेव में उनका एक मकान है, जिस पर वह कभी-कभी जाती हैं। मकान पर जिंदरान निवासी संजय पहलवान, धर्मवीर व इनके दस अन्य दोस्त जेसीबी लेकर आ गए। मकान के मुख्य गेट व खिड़कियों को जेसीबी से तोड़कर अंदर घुस गए। मकान से आरोपी काफी सामान निकालकर ले गए। पड़ोसी देखते रह गए और कुछ न कह सके।
पीड़िता ने बताया कि सूचना के बाद वह पंचकूला से मौके पर आईं। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है, हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है। मामले में आर्यनगर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

