Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पहलवान सिल्वर मैडल रोनित शर्मा का हुआ भव्य स्वागत:टोल प्लाजा से घिलौड़ खुर्द तक निकाला विजय जुलूस

हरियाणा के रोहतक के गांव घिलौड़ खुर्द निवासी रोनित शर्मा ने इटली के रोम में आयोजित अंडर 17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2022 में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 48 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया। उनका रविवार को घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

रोनित शर्मा का स्वागत करते हुए

पहलवान रोनित शर्मा खेल के दौरान पहले प्रतिद्वंद्वी को थकाते हैं। वहीं खुद शांत रहकर कुश्ती करते हैं। ताकि प्रतिद्वंद्वी थक जाए और वे नंबर भी नहीं गवाएं। इसका फायदा उठाते हुए बाद में अटैक करते हैं। जब प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी कमजोर पड़ता है तो वे अटैक करके जीत का सफर तय करते हैं। डिफेंस के साथ अटैकिंग पावर उनकी जीत को पक्का करती है।

पहलवान रोनित शर्मा का गांव वालों ने और नवीन जयहिद ने गांव में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। नवीन जयहिद ने रोनित शर्मा को दो लाख रुपये देकर सम्मानित करने की घोषणा की। जयहिद ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल से अपील करते हुए कहा कि रोनित को सरकार द्वारा गोद लिया जाना चाहिए। अगर सरकार व मुख्यमंत्री ऐसा नहीं करते है तो वे समाज के लोगों के साथ मिलकर रोनित को गोद ले लेंगे।


जयहिद बोले रोनित शर्मा की मदद के लिए देंगे दो लाख की आर्थिक सहायता

जयहिद ने बताया कि यह हम सबके लिए बहुत खुशी की का पल है, जिस तरह से 16 साल की उम्र में रोनित शर्मा देश के लिए सिल्वर पदक जीत कर लाए हैं। जयहिद ने बताया कि रोनित एक सामान्य परिवार से संबंध रखता है। रोनित के पिता एक किसान हैं, जिनके हिस्से में एक एकड़ जमीन आती है। इससे पहले भी रोनित खेलो इंडिया व सब जूनियर जैसी खेल प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुका है।

इस कार्यक्रम में अनेक नेता, कलाकार व अन्य लोग शामिल हुए। जिन्होंने रोनित शर्मा का उत्साह वर्धन किया। ताकि उनसे प्रेरणा लेकर दूसरे खिलाड़ी भी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करके देश को मेडल दिलाने का काम कर पाएं। रोनित के ताऊ पंडित मनोज शर्मा ने कहा कि रोहतक टोल प्लाजा से लेकर गांव घिलौड़ खुर्द तक विजय जुलूस निकाला गया। जिसमें अनेक ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल व कारों का काफिल रोनित के साथ रहा। जो गांव ब्राह्मणवास व जसिया होते हुए घिलौड़ खुर्द पहुंचेगा। बीच रास्ते में भी कई स्थानों पर रोनित शर्मा को सम्मानित किया गया।

Exit mobile version