Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महिला की बहादुरी से फेल हुई लूट…खंभे से बांधकर पीटे चोरबोले- शौक पूरे करने के लिए करते थे वारदात

हरियाणा के सोनीपत में मंदिर से घर लौट रही एक महिला की सूझबूझ और बहादुरी के चलते लूट की बड़ी वारदात टल गई। महिला की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर बैग छीनने की कोशिश करने वाले दो युवकों को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपियों को बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई कर दी, जिसके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

जानकारी के अनुसार, वीरवार सुबह करीब साढ़े सात बजे महिला मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रही थी। जब वह रावल अस्पताल के पास सिटी इंडस्ट्रियल एरिया से गुजर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया और बैग लूटने का प्रयास किया।

अचानक हुए हमले के बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगी। महिला की आवाज सुन आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। राहगीर प्रवीण ने बताया कि जब उसने महिला को बचाने की कोशिश की तो एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसे डराने और हमला करने का प्रयास किया।

इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार होने लगे, लेकिन उनकी बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इसी बीच लोगों ने चारों तरफ से घेरकर दोनों को पकड़ लिया। भीड़ ने दोनों युवकों को रस्सी से बिजली के खंभे से बांध दिया और उनकी पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान खरखौदा के गांव खांडा निवासी अनिल उर्फ लीला और गांव सेहरी निवासी आशीष उर्फ आशु के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। वहीं दूसरा आरोपी आशीष भी हत्या के एक मामले में शामिल रह चुका है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने “शौक पूरे करने” के लिए लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

Exit mobile version