रोहतक के गांव आसन निवासी भारती ने आईएमटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने शिकायत में बताया कि वह गृहिणी है। उसका बेटा बीमार था। इसलिए वह 28 नवंबर को अपने बच्चों के साथ अपने गांव मोरवाला जिला चरखी दादरी गई हुई थी। वह 4 दिसंबर को घर लौटी। जब वह घर लौटी तो उसके मकान के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सामान चेक किया तो पाया कि उनके घर से 17 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई है। इसके अलावा 2 जोड़ी सोने की बालियां, 3 जोड़ी चांदी की पायल, एक घड़ी, 7 चांदी के सिक्के और अन्य सामान नहीं मिला।
उन्हें शक था कि रात को उनके घर में चोरी हुई है। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

