Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को चलती ट्रेन से फेंका: रेलवे लाइन पर मिला शव

फतेहाबाद के टोहाना में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। देर रात चलती ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने एक महिला को धक्का देकर चलती ट्रेन से नीचे गिरा दिया। महिला की मौत हो गई। इस बीच युवक ने भी ट्रेन से छलांग लगा दी। उसे गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। घटना के समय महिला का 9 साल का बेटा साथ था। मृतक महिला की पहचान मंदीप कौर (30) के रूप में हुई है।

बताया गया है कि महिला मंदीप कौर अपने मायके रोहतक के करेंथी गांव से ट्रेन में सवार होकर अपने घर आ रही थी। आरोपी युवक नरवाना से ट्रेन में चढ़ा था और ट्रेन में महिला को अकेला देखकर उससे से छेड़खानी करनी शुरू कर दी। महिला ने कई बार विरोध किया। आरोप है कि महिला द्वारा विरोध करने पर गुस्साए युवक ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया।

मृतका मंदीप कौर के पति हरजिंदर ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से रोहतक के करेंथी गांव में स्थित अपने मायके में गई हुई थी। गुरुवार रात को ट्रेन से वापस टोहाना की ओर आ रही थी। इसी दौरान टोहाना से 15-20 किलोमीटर दूर धमतान साहिब स्टेशन पर पहुंचने पर उसे फोन कर ले जाने के लिए टोहाना स्टेशन पर आने को कहा। हरजिंदर ने कहा कि जब वो स्टेशन पर इंतजार कर रहा था और ट्रेन आई तो उसके 9 साल का बेटा रोता हुआ दिखाई दिया।

बेटे ने बताया कि एक लड़के ने मां से बदतमीजी की और विरोध करने पर उसको चलती ट्रेन से नीचे धक्का मार दिया है। जिसके बाद महिला के पति ने मामले की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। देर रात तक पुलिस और महिला के परिजनों ने खेतों में रेलवे लाइन पर महिला की खोज शुरू की। अलसुबह उन्हें मंदीप कौर मिली, जिसकी मौत हो चुकी थी। वे शव को लेकर टोहाना के नागरिक अस्पताल में पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद की SP आस्था मोदी मौके पर पहुंची और जायजा लिया।

मृतका मंदीप कौर के शव को लेकर जाता पति।
Exit mobile version