करनाल जिले में एक ऐसा मामला सामने आया जहां एक महिला अपने बच्चे को लेकर नहर में कूदने लगी तो वहां से जा रही एक महिला ने उसे पकड़ लिया और मां-बच्चे को बचा लिया।
यह कहानी पूजा नाम की महिला की है। कैथल जिले के गांव साकरा की रहने वाली पूजा की शादी करनाल जिले के निसिंग कस्बे में हुई है। बुधवार देर शाम को कैथल रोड़ स्थित नहर में अपने 3 साल के बच्चे के साथ आत्महत्या करने पहुंची पीड़िता पूजा ने अपनी यह दास्तां लोगों और पुलिस को सुनाई। महिला ने कहा कि मायके में उसका न बाप, न मां, न भाई और न ही बहन। दादा थे, वह भी उसकी शादी के बाद चल बसे। जिससे शादी हुई, वह हर समय नशे में रहता है। सास ससुर मारपीट करते हैं, ताने देते हैं। इन सब से दुखी होकर अपने तीन साल के बच्चे के साथ आत्महत्या करने नहर पर पहुंची।
पीड़िता पूजा ने बताया कि ससुराल में हो रहे क्लेश के कारण वह बहुत दुखी है। वह दिहाड़ी मजदूरी करके अपने बच्चो का पालन पोषण कर रही है। उसका पति रामफल शराब पीता है। काम धंधा कुछ करता नहीं। उसकी मजदूरी से जो पैसे आते हैं, वह कुछ बच्चों की दवा पर तो कुछ घर के खर्च निकल जाते हैं। पूजा ने आरोप लगाया कि इतने खर्च के बाद भी सास व ससुर पैसे मांगते हैं। अगर पैसें न दे तो उसके साथ मारपीट करते हैं। इन सब से तंग आकर वह अपने बच्चे के साथ आत्महत्या करना चाहती थी।
बुधवार शाम को गृह क्लेश से परेशान नहर में कूदकर आत्महत्या करने के लिए पूजा अपने बच्चे को साथ लेकर सीधे कैथल रोड़ स्थित नहर पर पहुंची। उधर से एक महिला सड़क पर पैदल चलते हुए आ रही थी कि उसने पूजा के इरादे भांप लिए और तत्काल उसके पीछे चल पड़ी। जैसे ही पूजा बच्चे को नहर में फैंकने का प्रयास करने करने लगी तो महिला ने बच्चे को पकड़ लिया और पूजा को दूसरी तरफ धक्का दे दिया। तब तक काफी लोग एकत्रित हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूजा व उसके बच्चे को अपने साथ लेकर गई। वहीं पुलिस ने पूजा के ससुराल के लोगों को सूचित किया गया। पुलिस का कहना है कि पूजा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
रामनगर थाना से मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी संदीप बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक महिला ने नहर में कूदने की कोशिश की। बच्चे के साथ महिला को पकड़ लिया है। वह सुरक्षित है, लेकिन महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस महिला की शिकायत पर कार्रवाई कर रही है।
