Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद की महिला ने रोहतक के युवक पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो बनाकर 3 साल तक ब्लैकमेल करने का दावा

जींद: जींद जिले के सफीदों क्षेत्र की रहने वाली 33 वर्षीय महिला ने रोहतक के एक युवक पर अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाकर करीब तीन साल तक ब्लैकमेल करने तथा यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला आगे की कार्रवाई के लिए रोहतक पुलिस को भेज दिया है।

2022 में हुई थी पहचान: महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात रोहतक के माता दरवाजा कॉलोनी निवासी हरजीत रोहिल्ला से हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और धोखे से उसकी अश्लील वीडियो व तस्वीरें बना लीं।

पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देता रहा। बदनामी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही और आरोपी कथित तौर पर उसका लगातार यौन शोषण करता रहा।

पारिवारिक विवाद के दौरान हुई थी मुलाकात: शिकायत के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 2011 में करनाल निवासी युवक से हुई थी। पति की शराब की लत और मारपीट के कारण वैवाहिक जीवन में विवाद रहने लगा। वर्ष 2020 में वह संदीप नामक व्यक्ति के संपर्क में आई और रोहतक में रहने लगी, जहां उसने चिड़ी गांव में संदीप और मुरली के साथ काम करना शुरू किया। इसी दौरान उसकी पहचान मुख्य आरोपी से हुई।महिला ने बताया कि आरोपी की कथित धमकियों और उत्पीड़न से परेशान होकर वह करीब नौ महीने पहले अपने पति के साथ रोहतक छोड़कर सफीदों आ गई और पुरानी चुंगी क्षेत्र में किराये के मकान में रहने लगी।

पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआईआर: सफीदों शहर थाना प्रभारी राजकुमार राणा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चूंकि कथित घटनास्थल रोहतक पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एफआईआर रोहतक पुलिस को भेज दी गई है।

नोट: आरोपी पर लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

Exit mobile version