Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महिला की ऑपरेशन के बाद मौत…बेटे ने हॉस्पिटल पर लगाए लापवाही का आरोप


सोनीपत में महिला की मौत के बाद अस्पताल पर गंभीर आरोप लगे हैं। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही से ऑपरेशन के दौरान महिला की छोटी आंत कट गई, जिससे हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार मौत हो गई। अब इस मामले में सामने आई डॉक्टर की ऑडियो और वीडियो ने विवाद को और गहरा कर दिया है।

खेवड़ा गांव निवासी रोहित के मुताबिक, उनकी मां संतोष देवी को पेट दर्द की शिकायत थी। जांच में रसौली आने के बाद 25 मार्च को मुरथल रोड स्थित पार्क निदान अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार का आरोप है कि डॉक्टरों ने दूरबीन से ऑपरेशन का भरोसा दिया, लेकिन बिना बताए ओपन सर्जरी कर दी। इसी दौरान छोटी आंत कटने से ब्लीडिंग शुरू हो गई।

परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती रही। पेट में तेज दर्द, सूजन और इंफेक्शन की शिकायत हुई। डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन की बात कहकर 20 हजार रुपए और 6 यूनिट खून की मांग की। दूसरे ऑपरेशन के बाद भी हालत नहीं सुधरी और 31 मार्च को महिला की मौत हो गई।

इस बीच परिवार ने एक वीडियो और ऑडियो शेयर की है, जिसमें डॉक्टर विजेता कथित तौर पर कहती सुनाई दे रही हैं कि “सारी जिम्मेदारी मेरी है, मुझे दूरबीन से ऑपरेशन करना नहीं आता।” वहीं एक अन्य ऑडियो में वह परिवार से कहती हैं कि “मैं रोज खाना बनाकर भेजूंगी, आपकी मां की कमी पूरी करूंगी।”

मुरथल थाना प्रभारी राजीव ने बताया कि मामला एक महीना पुराना है और अब शिकायत मिली है। परिवार से इलाज के दस्तावेज लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version