Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में महिला ने की पति की पीट पीटकर हत्या :शराब पीने पर बुरी तरह से पीटा; 10 साल पहले हुई थी शादी

 सोनीपत में महिला ने पति की पीट पीटकर हत्या कर दी। दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से दोनों के बीच झगड़ा रहता था। झगड़े में अकसर पत्नी ही पति को पीटती थी।इस बार भी उसने पति को पीटा और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसकी शिकायत मृतक की भांजी के पति ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

गोहाना सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव बुटाना निवासी निकास चंद्र उर्फ सोनू ने बताया कि उनकी शादी गांव माजरा निवासी सुमन के साथ हुई है। सुमन अपने ननिहाल गांव लाठ में नाना जयपाल के घर रहती थी। जिससे उसका ननिहाल के प्रति शुरू से ही लगाव है।सुमन का मामा चांद गांव लाठ में रहता था और दूसरा मामा कर्मबीर करीब दो दशक से परिवार सहित झज्जर के बहादुरगढ़ में रहता है। सुमन के मामा चांद ने करीब 10 साल पहले उत्तराखंड की अंकिता के साथ मंदिर में शादी की थी। उनका 8 वर्षीय बेटा यश है।

सोनू ने बताया कि उनके मामा ससुर चांद अकसर शराब पीते थे। जिससे अंकिता और चांद में झगड़ा रहता था। ऐसे में उनकी पत्नी सुमन यश को अपने साथ लेकर गांव बुटाना में रखती है। सोनू ने आरोप लगाया कि मामा ससुर चांद ने 5 दिन पहले उन्हें फोन कर बताया था कि अंकिता ने उसके साथ मारपीट की है।इसके बाद जब उनकी पत्नी सुमन ने 3 मार्च को अपने मामा चांद को फोन किया तो वह कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे। उनकी पत्नी ने उन्हें अवगत कराया। जिस पर सोनू ने चांद के मौसेरे भाई गांव लाठ निवासी युद्धवीर को चांद के घर जाकर देखने को कहा था। इस पर युद्धवीर ने अपनी पत्नी को चांद के घर भेज दिया था।

पड़ोसियों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने घायल को महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर में भर्ती कराया। वहां उन्हें गंभीर हालत के चलते रोहतक PGI रेफर कर दिया गया। वहां भी आराम नहीं होने पर परिजनों ने उन्हें रोहतक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मामले में सोनू के बयान पर उनके मामा ससुर चांद की पत्नी अंकिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version