Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती पर हमला: थप्पड़ मारने से भड़के युवक, गोद में उठाकर ले जाने लगे; सिर पर ईंट मारी

जींद। हरियाणा के जींद में 21 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के दरवाजे पर खड़ी युवती के साथ पड़ोस के तीन युवकों ने छेड़छाड़ की। विरोध करते हुए युवती ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए आरोपी उसे गोद में उठाकर अपने साथ ले जाने लगे।

युवती के शोर मचाने पर उसकी बहन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने युवती के सिर पर ईंट से हमला कर दिया और परिवार को धमकी देते हुए फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने युवती की बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के दरवाजे पर खड़ी थी युवती

युवती की बहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात उसकी 21 वर्षीय बहन घर के दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान गली से गुजर रहे तीन युवकों ने कथित तौर पर नशे की हालत में उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

युवती ने इसका विरोध किया और एक युवक को थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवक भड़क गए और युवती को गोद में उठाकर अपने साथ ले जाने लगे।

शोर सुनकर पहुंची बहन, सिर पर ईंट से हमला

शिकायत के अनुसार, युवती ने बचाव के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर उसकी बहन घर से बाहर आई और पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया। लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपियों ने युवती को गली में ही सिर पर ईंट मार दी।

इसके बाद आरोपी परिवार को धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

परिवार ने जताया आरोपियों से खतरा

शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के समय घर में तीन बहनें मौजूद थीं, जबकि दोनों भाई बाहर गए हुए थे। परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति भी चुनौतीपूर्ण है। युवती के पिता की करीब 12 साल पहले और मां की चार साल पहले मौत हो चुकी है। बड़ी बहन ही चारों भाई-बहनों की देखभाल कर रही है।

परिवार का आरोप है कि आरोपी पड़ोस में ही रहते हैं और उनसे उन्हें खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

जांच अधिकारी जितेंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version