हरियाणा में मानसून का दौर खत्म होने के बाद अब कल, यानी 28 सितंबर की रात से हवाओं का रुख बदलेगा। फिलहाल पश्चिमी हवाएं चल रही हैं लेकिन कल के बाद उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। पहाड़ों की तरफ से आने वाली इन हवाओं के कारण पारा गिरेगा और गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी। वहीं प्रदेश में अब रात का तापमान 22 डिग्री तक पहुंचने लगा है।

रात को ठंड महसूस की जाने लगी हैं। शुक्रवार को सबसे कम रात का तापमान सोनीपत में 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि 28 सितंबर की रात से बंगाल की खाड़ी व राजस्थान के ऊपर एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना के चलते पारा गिर सकता है।

दिन के समय जो तापमान 32 से 35 डिग्री तक पहुंच रहा है, वह 30 से 32 डिग्री तक आ जाएगा, तो वहीं रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि इस बार सामान्य से 38 प्रतिशत ज्यादा बारिश हरियाणा में दर्ज की गई है।

शुक्रवार को दिन में सबसे ज्यादा तापमान पलवल में 37.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि सबसे कम तापमान पानीपत के उझा क्षेत्र में तापमान 32.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान की बात करें तो फिलहाल प्रदेश में सबसे ठंडी रात सोनीपत जिले की हैं, जहां रात को तापमान 22.6 डिग्री तक पहुंच रहा है। अंबाला में रात का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री के आसपास आ रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!