हरियाणा में विधानसभा चुनावों का ऐलान होने के बाद जहां राजनीतिक सरगर्मी चरम पर हैं तो इसी बीच विनेश फोगाट ने हुड्डा परिवार से मुलाकात की है। इसके बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है।

विनेश फोगाट चरखी दादरी से चुनाव मैदान में उतर सकती है। इसकी अटकलें काफी पहले से लग रही है। जब विनेश फोगाट भारत लौटी थी तब उनके स्वागत के लिए दीपेंद्र हुड्डा एयरपोर्ट पर पहुंचे। ताजा घटनाक्रम में विनेश फोगाट ने भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में आशा हुड्डा से मुलाकात की। इस मौके पर दीपेंद्र हुड्डा की पत्नी भी मौजूद रहीं। उन्होंने विनेश फोगाट का शॉल ओढ़ाकर स्वागत और सम्मान किया।

राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के नेता दीपेंद्र हुड्डा ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली निवास पर देश की बेटी, हरियाणा की शान हमारी बहन विनेश फोगाट और उनके पति भाई सोमवीर राठी से पारिवारिक भेंट हुई। अटकलें लगाई जा रही हैं कि ओलंपियन पहलवान कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं।
हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए 1 अक्टूबर को वाेट डाले जाएंगे। राजनीतिक हलकों में प्रबल अटकलें लग रही है कि विनेश फोगाट अगर कांग्रेस में शामिल होती है तो विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। विनेश ने अभी तक राजनीति में एंट्री लेने को लेकर कुछ नहीं कहा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा का कहना है कि जो भी कांग्रेस पार्टी में आता है, हम हमेशा उसका स्वागत करते हैं। यह उसका फैसला है कि वह क्या करना चाहती है? यह फैसला विनेश को करना है।
