सोनीपत में एक युवती और उसके होने वाले पति को 10 दिन में जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है । धमकी के बाद से परिवार दहशत में है। कुंडली पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस प्रकार फोन पर जान से मारने की धमकी देने का यह दूसरा मामला है। एक सप्ताह पहले खरखौदा में दादा को फोन कर उसके पोते को जान से मारने की धमकी मिली थी। पुलिस छानबीन में लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार कुंडली क्षेत्र के गांव गढ़ी बाला की निवासी सुनीता ने बारौटा पुलिस चौकी में दी शिकायत में कहा कि वह दो बेटियों की मां है और उसके पति की मौत हो चुकी है। उसने छोटी बेटी का रिश्ता गांव बिधल के अंकित कुमार के साथ किया है। एक दिन पहले उसके मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से धमकी भरी काल आई। फोन करने वाले ने उसकी बेटी कीर्ति और उसके होने वाले पति अंकित को जान से मारने की धमकी दी।
सुनीता ने बताया कि फोन करने वाले ने उसे कहा कि हम अंकित को 10 दिनों के अंदर जान से मारेंगे। अपनी बेटी को बचा लो। धमकी देने वाले ने अपना गांव बिधल बताया। इसी गांव में उसने अपनी बेटी का रिश्ता किया है। महिला ने कहा कि उसकी बेटी और अंकित की जान का खतरा है। थाना कुंडली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 506 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
फोन पर इस प्रकार से किसी को जान से मारने की धमकी देने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले खरखौदा के बुजुर्ग को फोन कर कहा गया था कि उसके पोते को 10 दिन में मार देंगे। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। धमकी भरे फोन आने से लोग भयभीत हैं।

