Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पति से झगड़कर हाईवे पर दौड़ी पत्नी, 4 गाड़ियां भिड़ीं:करनाल में महिला को बचाने के चक्कर में हादसा, बोली- पति मारपीट कर रहा था

करनाल के दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक पारिवारिक विवाद के चलते सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार वाहन आपस में टकरा गए।

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला अचानक हाईवे के बीच पहुंचकर दौड़ने लगी। उसे बचाने के प्रयास में गुजर रहे वाहनों के चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़े, जिससे वाहनों का संतुलन बिगड़ गया और वे आपस में टकरा गए।

हादसे में एक कार सवार महिला घायल हो गई, जिसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

करनाल के शामगढ़ के पास ईआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी सोनू ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला दोनों तरफ का हाइवे पार करने लगी। अचानक महिला के सामने आने से वाहन ड्राइवरों ने ब्रेक लगाए, जिससे संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान दिल्ली-चंडीगढ़ और चंडीगढ़-दिल्ली लेन में दोनों तरफ दो-दो गाड़ियां भिड़ गईं।

हादसे में कार सवार एक महिला घायल हो गई, जिसे ईआरवी की मदद से तुरंत पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और ट्रैफिक को सुचारू करवाया।

कार ड्राइवर जगजीत सिंह ने बताया कि वह करनाल से अंबाला जा रहा था। अचानक एक महिला हाइवे क्रॉस करती दिखी, उसे बचाने के प्रयास में गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में चारों कारों को नुकसान हुआ है।

वहीं, सड़क पार करने वाली महिला का कहना है कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा था, जिससे परेशान होकर वह जान देने के लिए हाइवे के बीच भाग गई। पुलिस के अनुसार अभी तक महिला की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। यदि शिकायत मिलती है तो उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version