Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

संबंध बनाने से मना करने पर पत्नी का मर्डर:रोने पर डेढ़ माह के बेटे को भी मारा, नशा उतरते ही तीसरी मंजिल से कूदा; VIDEO में कबूलनामा

पलवल। हरियाणा के पलवल जिले के रजपुरा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपनी पत्नी और महज दो माह के बच्चे की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद युवक ने दो मंजिला मकान की छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। गिरने से उसके पैर में चोट आई है और फिलहाल जिला नागरिक अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

देर रात करीब 1 बजे की घटना
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक की पहचान सोहिल के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी शगोफ्ता और दो माह के बच्चे जोहान की गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना के बाद सोहिल ने कथित तौर पर मकान की दो मंजिला छत से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसके पैर में चोट लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

नूंह की रहने वाली थी शगोफ्ता
जानकारी के मुताबिक मृतका शगोफ्ता मूल रूप से नूंह जिले के सलम्बा गांव की रहने वाली थी। दो माह के मासूम जोहान की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार सोहिल नशे का आदी बताया जा रहा है। हालांकि वारदात के पीछे नशा, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण था, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी ले रही है।
आरोपी के अस्पताल से उपचार के बाद उससे पूछताछ किए जाने की संभावना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले घर में क्या हुआ था और किन परिस्थितियों में मां और उसके दो माह के बच्चे की मौत हुई।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटना से जुड़ी परिस्थितियां और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक़

हरियाणा के पलवल में एक युवक सोहिल ने अपनी पत्नी शगुफ्ता (31) को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि उसने शराब के नशे में फिजिकल रिलेशन बनाने से मना कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच में खूब झगड़ा हुआ।

इसके बावजूद जब पत्नी नहीं मानी तो युवक ने चुन्नी से गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। इसी बीच पत्नी के पास सो रहा उसका डेढ़ महीने का बच्चा जुहान रोने लगा तो युवक ने उसका भी गला दबा दिया।

इसके बाद युवक काफी देर तक लाशों के पास ही बैठा रहा। नशा उतरने के बाद जब उसके कुछ नहीं सूझा, तो वह छत पर गया और तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इसमें उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें लग गईं।

इसकी सूचना पर पुलिस पहुंची तो दो हत्याओं का पता चला। इसी बीच आरोपी सोहिल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने हत्या वाली रात की पूरी कहानी बताई है।

सदर थाना प्रभारी हरी किशन का कहना है कि रौनक अली की शिकायत के आधार पर 11 आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज लिया गया है। आरोपियों में शगुफ्ता का पति सोहिल और उसके परिजन अफसाना, यकीम, अरबाज, जिया, रफीक, वसीम, साहिब सरपंच, जमशेद, अकरम और राशिद के नाम शामिल है।

उन्होंने बताया कि मौत कैसे हुई? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version