पानीपत शहर की साईं कॉलोनी में मंगलवार को पति ने पत्नी की हत्या कर दी। दरअसल, आरोपी पति शराब पीने का आदी है। जो अपनी पत्नी से शराब के लिए रुपए मांग रहा था। रुपए नहीं देने पर उसने पत्नी के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और वहां से फरार हो गया। मारपीट देख मृतका के बेटे ने मामा को फोन कर कहा कि पापा मम्मी को मार रहे हैं।
महिला का भाई उसे अस्पताल ले गया। जहां से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। रोहतक में डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चांदनीबाग थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार का कहना है कि मृतक महिला के भाई के बयान के आधार पर पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को निंबरी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
